हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में एक दलित आइसक्रीम विक्रेता के साथ कथित तौर पर पैसे मांगने पर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आइसक्रीम खाने के बाद आरोपियों ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। जब विक्रेता ने अपने पैसे मांगे तो विवाद बढ़ गया।
विरोध करने पर लोहे की रॉड और कड़े से किया हमला
पीड़ित के विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लोहे की रॉड और हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। हमले में आइसक्रीम विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
भारतीय सेना का जवान गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भारतीय सेना के जवान अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल उसका दूसरा साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के फरीदपुर गौसाई गांव का मामला
यह पूरा मामला हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर गौसाई का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। साथ ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।