अयोध्या स्थित तपस्वी छावनी के महंत जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत सदर तहसील के तिकोनिया पार्क में बरगद का पौधा रोपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पौधारोपण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को समर्पित है। उन्होंने बरगद को भारत का राष्ट्रीय वृक्ष बताते हुए इसके पर्यावरणीय और सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला।
स्वदेशी तकनीक को बताया देश की ताकत
महंत परमहंस आचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वदेशी तकनीक को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने स्वदेशी हाइड्रोजन तकनीक का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत प्रदूषण मुक्त ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और भविष्य में डीजल एवं पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी।
'मेक इन इंडिया' से आत्मनिर्भर बन रहा भारत
उन्होंने कहा कि भारत स्वदेश में विकसित तकनीकों और उत्पादों का निर्यात कर वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उनके अनुसार, 'मेक इन इंडिया' और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
सरकारी नीतियों की सराहना
महंत परमहंस आचार्य ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि देश विकास के मार्ग पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान महंत परमहंस आचार्य ने विपक्षी दलों, विशेष रूप से इंडिया गठबंधन, पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब जागरूक है और राष्ट्रहित की राजनीति का समर्थन कर रही है। उनके अनुसार, बड़ी संख्या में साधु-संत और देशवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपना विश्वास जता रहे हैं।