उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुलंदशहर दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे की शुरुआत वह खंडवाया स्थित रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर के कार्यक्रम में शामिल होकर करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री नुमाइश मैदान पहुंचेंगे, जहां "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण करेंगे।
प्रदर्शनी का अवलोकन और लाभार्थियों से संवाद
मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। दौरे के दौरान वह उद्यमियों, किसानों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करेंगे तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, टूलकिट, मशीनरी और अन्य लाभों का वितरण भी करेंगे।
58 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र की कुल 58 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 27 परियोजनाओं का शिलान्यास और 31 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
सड़क, मेडिकल कॉलेज और खेल सुविधाओं की मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री सड़क निर्माण, पेयजल परियोजनाओं, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पुलिस बैरक, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), आईटीआई, स्पोर्ट्स स्टेडियम और वर्किंग वूमेन हॉस्टल समेत करोड़ों रुपये की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इन परियोजनाओं से जिले के बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
विकास और जनकल्याण पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास कार्यों की समीक्षा, नई परियोजनाओं के शुभारंभ और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचाने पर केंद्रित रहेगा। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।