Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

मेरठ में पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, दूध में नींद की गोलियां देकर जहरीले सांप से कराई पति की हत्या

प्रकाशित: 18-07-2026, 05:20 AM
मेरठ में पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, दूध में नींद की गोलियां देकर जहरीले सांप से कराई पति की हत्या
शेयर करें:

मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। स्कूल संचालक अतुल कुमार की संदिग्ध मौत की जांच में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया जिसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस के अनुसार, अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार और दो सपेरों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियों का ओवरडोज दिया गया और फिर उनके कंबल में जहरीला सांप छोड़ दिया गया, जिससे सांप के डसने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

चार साल से चला रहे थे स्कूल

बहसूमा थाना क्षेत्र के भंडोरा गांव निवासी 32 वर्षीय अतुल कुमार अपनी पत्नी दामिनी और छह वर्षीय बेटे के साथ हस्तिनापुर में किराए के मकान में रहते थे। दोनों पिछले चार वर्षों से 'कृष्ण किड्स प्ले स्कूल' का संचालन कर रहे थे, जहां करीब 150 बच्चे पढ़ते हैं। सात साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था।

सांप के काटने से मौत बताकर पुलिस को किया गुमराह

शुक्रवार सुबह अतुल का शव उनके कमरे में मिला। दामिनी ने पुलिस को बताया कि गर्मी के कारण वह रात में बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई थी। सुबह जब वह चाय लेकर कमरे में पहुंची तो अतुल बिस्तर पर मृत पड़े थे और चादर के अंदर एक काला सांप मौजूद था। उनके पैर पर सांप के काटने के निशान भी मिले। शुरुआती तौर पर इसे सर्पदंश से मौत का मामला बताने की कोशिश की गई।

परिजनों के शक से खुला हत्या का राज

अतुल के परिजनों ने दामिनी पर पहले से शक जताते हुए पुलिस में सुनियोजित हत्या की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान दामिनी की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाली गई, जिसमें स्कूल वैन चालक तुषार से लगातार बातचीत का खुलासा हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर तुषार ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पहले एक्सीडेंट में मारने की कोशिश, फिर बनाया नया प्लान

पुलिस जांच में सामने आया कि दामिनी और तुषार के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों साथ रहना चाहते थे। अतुल के नाम पर करीब 20 लाख रुपये का बीमा था। इसी रकम को हासिल करने के लिए पहले आरोपियों ने अर्टिगा कार से टक्कर मारकर अतुल की हत्या करने की कोशिश की, लेकिन वह बच गए। इसके बाद गुरुवार रात दामिनी ने उन्हें दूध में नींद की गोलियां दीं और बेहोश होने के बाद तुषार जहरीला सांप लेकर आया, जिसे कंबल के भीतर छोड़ दिया गया।

तकनीकी जांच से खुली साजिश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य सर्पदंश के मामले से मेल नहीं खा रही थीं। तकनीकी सर्विलांस के दौरान दामिनी और तुषार के बीच लगातार संपर्क के प्रमाण मिले। तुषार के मोबाइल फोन से एक डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर भी बरामद हुई। पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश सामने आ गई।

चार आरोपी गिरफ्तार

हस्तिनापुर पुलिस और स्वाट टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और दो सपेरों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए जहरीले सांप को भी बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: