उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जनपद शामली के कैराना दौरे पर रहेंगे। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ऊंचागांव स्थित निर्माणाधीन पीएसी कैंप का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह कैराना स्थित विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
11:35 बजे ऊंचागांव पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री कार्यालय, लखनऊ से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर सुबह 11:35 बजे ऊंचागांव स्थित निर्माणाधीन पीएसी कैंप परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा। यहां वह निर्माणाधीन पीएसी कैंप का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे।
जनसभा को करेंगे संबोधित, विकास योजनाओं की देंगे सौगात
पीएसी कैंप के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:05 बजे सड़क मार्ग से कैराना स्थित विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पहुंचेंगे। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ जनपद शामली की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
कार्यक्रम के बाद बिजनौर के लिए होंगे रवाना
जनसभा और विकास योजनाओं के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री का काफिला दोबारा ऊंचागांव स्थित पीएसी कैंप पहुंचेगा। यहां से वह राजकीय हेलीकॉप्टर के माध्यम से बिजनौर पुलिस लाइन के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और हेलीपैड निर्माण सहित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
डीएम-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री के आगमन से एक दिन पहले जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन पीएसी कैंप और हेलीपैड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
भाजपा नेताओं ने भी किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन भी सक्रिय नजर आया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा तथा विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र सिंह ने पीएसी कैंप और जनसभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप, डॉ. गौतमनाथ, अनिल चौहान, दामोदर सैनी, भूपेंद्र शर्मा सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन दोनों स्तरों पर तैयारियां तेज़ी से पूरी की जा रही हैं।