Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

महराजगंज में लाभार्थी सम्मेलन, पंकज चौधरी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

प्रकाशित: 16-07-2026, 10:30 AM
महराजगंज में लाभार्थी सम्मेलन, पंकज चौधरी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
शेयर करें:

महराजगंज में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से लाभार्थी एवं जन संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने की। इस दौरान प्रदेश की खाद्य वितरण व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

12 अन्नपूर्णा भवनों का हुआ लोकार्पण

सम्मेलन के दौरान जिले में बनाए गए 12 अन्नपूर्णा भवनों का लोकार्पण किया गया। सरकार का उद्देश्य इन केंद्रों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न और अन्य सुविधाएं समयबद्ध, पारदर्शी और आसान तरीके से पहुंचाना है।कार्यक्रम में खाद्य वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।

80 करोड़ लोगों को मिल रहा अन्न का लाभ: पंकज चौधरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि देश के करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता साल के 365 दिन जनता के बीच काम करते हैं।उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा एक बार फिर बड़ी जीत दर्ज करने की तैयारी में है और पार्टी चुनाव में हैट्रिक लगाने जा रही है।

राम मंदिर आस्था का विषय, राजनीति का नहीं: पंकज चौधरी

राम मंदिर को लेकर उठ रहे राजनीतिक मुद्दों पर पंकज चौधरी ने कहा कि राम मंदिर आस्था का विषय है, राजनीति का नहीं। उन्होंने कहा कि भगवान राम लोगों की आस्था और हृदय में बसे हैं।उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने लंबे समय तक भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, वे राम मंदिर के विकास की बात कैसे कर सकते हैं।

गरीबों को मुफ्त अनाज देने का काम जारी: मनोज पांडेय

प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि जिन परिवारों को पहले दो वक्त की रोटी जुटाने में परेशानी होती थी, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के पहुंचे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: