अभिनेता रणबीर कपूर अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का ट्रेलर 18 जुलाई को दिल्ली में भव्य कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया जाना है। इसी बीच मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रणबीर कपूर को कंजंक्टिवाइटिस (आंखों का संक्रमण) हो गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बेटी राहा से फैला संक्रमण
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर कपूर को यह संक्रमण उनकी बेटी राहा कपूर से हुआ है। बताया जा रहा है कि राहा पहले से कंजंक्टिवाइटिस से संक्रमित थीं और उनकी देखभाल के दौरान रणबीर भी संक्रमण की चपेट में आ गए।
संक्रमण के बावजूद ट्रेलर लॉन्च में होंगे शामिल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आंखों में संक्रमण होने के बावजूद रणबीर कपूर अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट को पूरा करेंगे। बताया जा रहा है कि वह 18 जुलाई को दिल्ली के भारत मंडपम ऑडिटोरियम में आयोजित ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में शामिल होंगे। खबर है कि संक्रमण फैलने से बचाव के लिए वह काला चश्मा पहन सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रैंड लेवल पर होगा ट्रेलर लॉन्च
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में रणबीर कपूर के साथ अभिनेता यश, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा भी मौजूद रहेंगे।
दो भागों में रिलीज होगी 'रामायण'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग दीवाली 2026 पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग 2027 में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म में नजर आएगी दमदार स्टारकास्ट
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, रवि दुबे लक्ष्मण, यश रावण, सनी देओल महाबली हनुमान और अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी पौराणिक परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।