सिवान: शहर के जेपी चौक स्थित दरबार रोड के समीप कृष्णा गवर्नमेंट साड़ी सेंटर में गुरुवार सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे साड़ियों का स्टॉक, काउंटर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
स्थानीय लोगों ने दी दुकान मालिक को सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह दुकान से धुआं और तेज आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने दुकान मालिक शेषनाथ तिवारी को सूचना दी। सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।
25 से 30 लाख रुपये तक के नुकसान का अनुमान
दुकान मालिक के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि कुल क्षति 30 लाख रुपये से अधिक हो सकती है। नुकसान का वास्तविक आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।