अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के दाएं कंधे की मुंबई के एक अस्पताल में सफल सर्जरी हुई है। सर्जरी के बाद उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
हालचाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू
सर्जरी के अगले दिन आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू अस्पताल पहुंचे और पवन कल्याण से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। जनसेना पार्टी ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। तस्वीर में पवन कल्याण अस्पताल में कुर्सी पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और उनके दाएं कंधे पर पट्टी बंधी हुई है।
पत्नी अन्ना लेझनेवा ने दिया हेल्थ अपडेट
पवन कल्याण की पत्नी अन्ना लेझनेवा ने भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पवन हमेशा अपनी जिम्मेदारियों को दर्द से ऊपर रखते हैं और कभी शिकायत नहीं करते। उन्होंने लिखा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता पवन का पूरा ध्यान रखना है और उन्हें सुरक्षित महसूस कराना है। उन्होंने भरोसा जताया कि समय के साथ उनकी सेहत पूरी तरह ठीक हो जाएगी।
2016 की चोट के कारण करनी पड़ी सर्जरी
जानकारी के अनुसार, पवन कल्याण को वर्ष 2016 में कंधे में चोट लगी थी। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों, चुनाव प्रचार और सार्वजनिक आयोजनों में लगातार भाग लेने के कारण उनके कंधे पर दबाव बढ़ता गया। समय के साथ दर्द गंभीर हो गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी।
बाएं कंधे की सर्जरी दो महीने बाद
डॉक्टरों ने दोनों कंधों की सर्जरी एक साथ करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से इलाज करने की सलाह दी। इसी के तहत पहले दाएं कंधे की करीब तीन घंटे तक चली सर्जरी की गई। बाएं कंधे की सर्जरी लगभग दो महीने बाद की जाएगी। बताया गया है कि उनके कंधे के रोटेटर कफ में चोट थी।
फिल्मों और राजनीति दोनों में सक्रिय
पवन कल्याण ने वर्ष 1996 में फिल्म 'अक्कड़ा अब्बाई इक्कड़ा अम्माई' से अभिनय की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और वर्ष 2014 में जनसेना पार्टी की स्थापना की। अभिनय और राजनीति, दोनों क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
आने वाले प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो पवन कल्याण हाल ही में 'हरि हर वीरा मल्लू', 'दे कॉल हिम ओजी' और 'उस्ताद भगत सिंह' जैसी फिल्मों में नजर आए। आने वाले समय में वे निर्देशक सुरेंद्र रेड्डी की एक अनटाइटल्ड फिल्म और 'OG 2' में दिखाई देंगे।