बाढ़ सिविल कोर्ट परिसर में उस समय हंगामा मच गया जब कोर्ट मैरिज के लिए पहुंचे एक जोड़े के बीच विवाद खड़ा हो गया। दूल्हे ने शादी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि उसकी जबरन शादी कराई गई है। वहीं, दुल्हन पक्ष ने युवक पर 20 लाख रुपये दहेज मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला बढ़ने पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कोर्ट मैरिज से पहले दूल्हे ने किया इनकार
जानकारी के अनुसार, युवक नीतीश कुमार और युवती सीता देवी कोर्ट मैरिज के लिए बाढ़ सिविल कोर्ट पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू हुई, नीतीश ने शादी के कागजों पर हस्ताक्षर करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद कोर्ट परिसर में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया।
दूल्हे का आरोप- जबरन मंदिर में कराई गई शादी
नीतीश कुमार का आरोप है कि करीब दो महीने पहले एक रिश्तेदारी की शादी में उनकी मुलाकात सीता देवी से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन वह सीता की छोटी बहन ईशा से शादी करना चाहते थे। नीतीश के मुताबिक, बुधवार को वह सीता को उसके घर छोड़ने गए थे। वहां परिवार वालों ने उन्हें रात में रुकने के लिए कहा और देर रात उनके साथ मारपीट कर गांव के एक मंदिर में जबरन शादी करा दी।उन्होंने यह भी दावा किया कि सीता उन्हें लगातार फोन करती थीं और कहती थीं कि अगर वह बात नहीं करेंगे तो वह अपनी जान दे देंगी।
दुल्हन बोली- दोनों की मर्जी से हुई शादी
वहीं, सीता देवी ने दूल्हे के सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही नीतीश को बता दिया था कि उनकी पहले शादी हो चुकी है, एक बेटी भी है और करीब 10 साल पहले उनका तलाक हो चुका है। सीता के अनुसार, वह पटना के एक निजी अस्पताल में नर्स हैं और दोनों की मुलाकात दो महीने पहले एक शादी समारोह में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की। उन्होंने कहा कि वह कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया पूरी करने के लिए ही कोर्ट पहुंची थीं।
दहेज मांगने का लगाया आरोप
लड़की पक्ष ने नीतीश कुमार और उनके परिवार पर 20 लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इसी वजह से युवक अब शादी से पीछे हट रहा है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को लिया हिरासत में, जांच जारी
कोर्ट परिसर में बढ़ते हंगामे को देखते हुए वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने दोनों पक्षों को रोक लिया और बाढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई है और मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस जबरन शादी, दहेज के आरोप और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।