झांसी में रामराजा दवा बाजार में सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट टीम के साथ हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की नकदी, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
4 जुलाई की रात हुई थी सनसनीखेज वारदात
पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई की रात नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित रामराजा दवा बाजार में बदमाशों ने पहले सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाया और फिर दुकान से नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान दोनों बदमाश हेलमेट पहनकर आए थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई पुलिस मुठभेड़
वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया। लगातार लोकेशन ट्रेस करने के बाद 7 जुलाई की देर रात मुखबिर की सूचना पर नवाबाद पुलिस और स्वाट टीम ने भगवंतपुरा-करगुवां रोड पर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने भागने की कोशिश की, जिसके दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पैर में गोली लगने के बाद दबोचे गए आरोपी
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटेलाल राजपूत उर्फ पवन राजपूत और दिनेश लोधी के रूप में हुई है।
नकदी, तमंचे और बाइक बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, लूट के 1 लाख 49 हजार 100 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की। घायल बदमाशों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।