Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

करण टेकर के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, फर्जी मैनेजर के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

प्रकाशित: 07-07-2026, 05:53 AM
करण टेकर के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, फर्जी मैनेजर के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
शेयर करें:

टीवी, फिल्मों और ओटीटी की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके अभिनेता करण टेकर साइबर ठगी का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। उनके नाम पर एक व्यक्ति खुद को उनका मैनेजर बताकर लोगों से संपर्क कर रहा था और पैसे लेकर अभिनेता से मुलाकात कराने का झांसा दे रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही करण ने साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।

स्क्रीनशॉट मिलने के बाद हुआ खुलासा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करण टेकर को इस फर्जीवाड़े की जानकारी तब मिली जब कुछ लोगों ने उन्हें उस कथित मैनेजर के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट भेजे। इसके बाद अभिनेता ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर क्राइम अधिकारियों से संपर्क किया।

'मैं नहीं चाहता कोई ठगी का शिकार हो'

करण टेकर ने कहा, "मैंने साइबर क्राइम अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराई है। उम्मीद है कि यह मामला जल्द सुलझ जाएगा। अच्छी बात यह रही कि मुझे समय रहते इसकी जानकारी मिल गई। यह व्यक्ति अनजान लोगों से संपर्क कर रहा था और दावा कर रहा था कि वह मेरा काम संभालता है। वह पैसे लेकर मुझसे मीटिंग कराने का ऑफर भी दे रहा था।" उन्होंने आगे कहा, "मैं नहीं चाहता कि कोई भी उस व्यक्ति के झांसे में आए और अपने पैसे गंवा दे।"

इंस्टाग्राम पर भी जारी की चेतावनी

करण टेकर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी इस फर्जीवाड़े की जानकारी साझा की। उन्होंने उन मोबाइल नंबरों का उल्लेख किया, जिनका इस्तेमाल कथित ठग लोगों से संपर्क करने के लिए कर रहा था। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि कोई व्यक्ति गलत तरीके से खुद को उनका मैनेजर बता रहा है और लोगों के साथ धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि ऐसे नंबरों से संपर्क किया जाए तो उन्हें तुरंत ब्लॉक करें और रिपोर्ट करें।

ओटीटी पर लगातार सक्रिय हैं करण टेकर

वर्क फ्रंट की बात करें तो करण टेकर ने टीवी के बाद ओटीटी की दुनिया में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वह 'स्पेशल ऑप्स' और 'खाकी: द बिहार चैप्टर' जैसी चर्चित वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं। वहीं, इस साल रिलीज हुई हॉरर सीरीज 'भय' में उनके अभिनय को भी दर्शकों ने काफी सराहा।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: