उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर रविवार शाम बड़ा बवाल हो गया। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के टुकसान गांव में विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की के बाद लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें दो दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
कई दिनों से चल रहा था विरोध
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव की आबादी के बीच संचालित शराब के ठेके को हटाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। ग्रामीणों और महिलाओं का आरोप है कि ठेके के कारण क्षेत्र में सामाजिक और कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार को भी महिलाओं ने ठेके के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान तोड़फोड़ और पथराव की घटना भी सामने आई थी। इसके बावजूद ठेका नहीं हटाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई थी।
पुलिस के पहुंचते ही बढ़ा तनाव
रविवार शाम करीब पांच बजे बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण एक बार फिर शराब के ठेके के बाहर एकत्र हुए। सूचना मिलने पर हाथरस गेट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। मौके पर कुछ पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी मौजूद थे, जिन्हें भी विरोध का सामना करना पड़ा।
दो दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल
झड़प के दौरान दो दरोगा सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने फिलहाल घायलों की स्थिति स्थिर बताई है।
भारी पुलिस बल तैनात, कई लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल गांव पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया गया। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
वीडियो फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
घटना के बाद टुकसान गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।