आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में सामने आए चर्चित बाथरूम हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है। पति की हत्या कर उसके शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने के आरोप में गिरफ्तार रूबी शर्मा से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। इस बीच उस राजमिस्त्री का बयान सामने आया है, जिसने कथित तौर पर बाथरूम का फर्श तैयार किया था। उसके खुलासे ने जांच को नई दिशा दे दी है।
राजमिस्त्री के अनुसार, जब उसे बाथरूम का फर्श तैयार करने के लिए बुलाया गया था, तब वहां पहले से काफी मलबा मौजूद था। उसने रूबी से कहा कि मलबा हटाने के लिए मजदूर (लेबर) लगा लेते हैं, जिससे काम आसानी से हो जाएगा। लेकिन रूबी ने साफ शब्दों में कहा कि इसकी जरूरत नहीं है और वह खुद ही सारा मलबा हटा देगी।
मिस्त्री का कहना है कि उस समय उसे यह सामान्य बात लगी और उसने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। बाद में जब पुलिस ने बाथरूम के फर्श के नीचे से शव बरामद किया, तब उसे एहसास हुआ कि उस दिन मलबा खुद हटाने की जिद के पीछे कोई बड़ी वजह हो सकती थी।

पुलिस के अनुसार, मृतक सुरेंद्र शर्मा करीब 45 दिनों से लापता थे। उनकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान कई बिंदुओं पर संदेह गहराने के बाद पुलिस ने घर के बाथरूम की खुदाई कराई, जहां फर्श के नीचे से शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या के बाद शव को फर्श के नीचे छिपाने की योजना कब और कैसे बनाई गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी महिला को किसी अन्य व्यक्ति ने मदद पहुंचाई थी या उसने पूरी वारदात अकेले अंजाम दी।
राजमिस्त्री और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ी जा सके। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि रूबी ने अपने पति की गुमशुदगी को लेकर लोगों के सामने चिंता जताई थी और पुलिस जांच में भी सहयोग करने का दिखावा किया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था। हालांकि किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि मामला इतनी भयावह घटना तक पहुंच जाएगा। पड़ोसियों के अनुसार, सुरेंद्र शर्मा के अचानक गायब होने पर कई लोगों ने रूबी से सवाल किए, लेकिन वह हर बार अलग-अलग जवाब देती रही।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब जांच एजेंसियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और डिजिटल सबूतों के आधार पर हत्या के सही समय, कारण और पूरी साजिश का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले हर एंगल से जांच की जा रही है। राजमिस्त्री के बयान समेत सभी गवाहों के बयान रिकॉर्ड किए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा।