मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक बाजार में शनिवार सुबह अपराधियों ने एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 46 वर्षीय राम कुमार कुशवाहा के रूप में हुई है। वारदात उस समय हुई, जब वह रोज की तरह सुबह करीब 7 बजे मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे।
करीब से की ताबड़तोड़ फायरिंग, मौके से फरार हुए बदमाश
जानकारी के अनुसार, पहले से घात लगाए बदमाश मंदिर परिसर में पहुंचे और करीब दो फीट की दूरी से राम कुमार कुशवाहा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उन्हें सीने और बांह में दो गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल राम कुमार को तत्काल श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जमीन विवाद और कोर्ट में गवाही से पहले हुई हत्या
परिजनों के अनुसार, राम कुमार कुशवाहा का लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी मामले में कोर्ट में उनकी गवाही भी होनी थी। मृतक के भाई मोहन प्रसाद ने आरोप लगाया कि पिछले चार दिनों से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिवार का कहना है कि जमीन विवाद ही हत्या की प्रमुख वजह हो सकता है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, तीन बदमाशों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस और ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।