Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

उर्वशी ढोलकिया के बेटे क्षितिज बड़े हादसे से बचे, पार्किंग में खड़ी कार पर गिरा पेड़

प्रकाशित: 04-07-2026, 07:09 AM
उर्वशी ढोलकिया के बेटे क्षितिज बड़े हादसे से बचे, पार्किंग में खड़ी कार पर गिरा पेड़
शेयर करें:

'कसौटी जिंदगी की' फेम अभिनेत्री उर्वशी ढोलकिया के बेटे और अभिनेता क्षितिज ढोलकिया हाल ही में एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच उनकी पार्किंग में खड़ी कार पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि उस समय कार में कोई मौजूद नहीं था।

सोशल मीडिया पर शेयर किया हादसे का वीडियो

क्षितिज ढोलकिया ने इस घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। वीडियो में उनकी कार पेड़ के नीचे दबी हुई दिखाई दे रही है, जबकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पेड़ हटाने में जुटी नजर आ रही है। वीडियो शेयर करते हुए क्षितिज ने लिखा, "फिलहाल मेरी कार की हालत ऐसी है। शुक्र है कि इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई।"

पुलिस और फायर ब्रिगेड का जताया आभार

हादसे के बाद क्षितिज ने एक और पोस्ट साझा कर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, "जिंदगी कितनी अप्रत्याशित हो सकती है। शुक्र है कि मैं कार में नहीं था और सभी सुरक्षित हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तुरंत मदद के लिए दिल से धन्यवाद। मैं हमेशा आभारी रहूंगा।" बाद में एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "शायद कुछ और बड़ा होने वाला था, लेकिन भगवान की कृपा से सब टल गया। इसके लिए मैं बेहद आभारी हूं।"

हाल ही में शुरू किया है एक्टिंग करियर

क्षितिज ढोलकिया ने हाल ही में अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। वह 'मां है ना' और 'नागिन 7' जैसे टीवी शोज में नजर आ चुके हैं। 'नागिन 7' में उन्होंने एक नाग का किरदार निभाया था, जिसमें उनकी जोड़ी अभिनेत्री एलिस कौशिक के साथ दिखाई दी थी।

असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर भी किया काम

अभिनय से पहले क्षितिज फिल्म इंडस्ट्री में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने 2014 में रिलीज हुई फिल्म 'हमशकल्स' में निर्देशक साजिद खान को असिस्ट किया था। इसके अलावा वह 2019 की फिल्म 'ड्रीम गर्ल' की टीम का भी हिस्सा रहे।

उर्वशी ढोलकिया ने अकेले की बेटों की परवरिश

उर्वशी ढोलकिया की निजी जिंदगी भी काफी संघर्षों से भरी रही है। उन्होंने 16 साल की उम्र में अनुरूप ढोलकिया से शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया। 18 साल की उम्र में वह अपने पति से अलग हो गईं। इसके बाद 19 साल की उम्र में उन्होंने जुड़वां बेटों क्षितिज और सागर को जन्म दिया और अकेले ही दोनों बच्चों की परवरिश की।

0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: