काशी विश्वनाथ मंदिर के चार नंबर गेट से सटे नंदू फड़िया गेट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक फायर हो गया। घटना के बाद मंदिर परिसर के आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
कार्बाइन सड़क पर गिरने से हुआ फायर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीएसी जवान की कार्बाइन अचानक हाथ से छूटकर सड़क पर गिर गई, जिसके कारण उससे फायर हो गया। गोली सड़क पर लगी और उसके प्रभाव से सड़क की गिट्टियां उछलकर आसपास मौजूद लोगों को जा लगीं।
दो दुकानदार हुए घायल
घटना में दो दुकानदार घायल हो गए। एक के हाथ में जबकि दूसरे के पेट के पास गिट्टी लगने से चोट आई। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
छर्रे नहीं, गिट्टी लगने से आई चोट
अधिकारियों के अनुसार, पीएसी की कार्बाइन में 9 एमएम की ठोस गोली (Solid Bullet) इस्तेमाल होती है, जिससे छर्रे नहीं निकलते। इसलिए घायलों को गोली के छर्रे नहीं लगे, बल्कि गोली सड़क पर लगने के बाद उछली गिट्टियों के कारण उन्हें चोट आई।
घटना की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। यह पता लगाया जा रहा है कि कार्बाइन से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं।