उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। सौरिख थाना क्षेत्र के रुर गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद 50 वर्षीय गोविंद दुबे ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना के बाद उसने घर के बाहर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से किया हमला
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर गोविंद दुबे और उसकी पत्नी आरती के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर गोविंद ने गुस्से में आकर आरती के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में आरती गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के बाद पति ने लगाई फांसी
पत्नी को गंभीर हालत में देखकर गोविंद घर से बाहर निकला और पास में खड़े एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
घायल महिला मेडिकल कॉलेज रेफर
हमले में गंभीर रूप से घायल आरती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोविंद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।