सनी देओल, दीया मिर्जा और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म 'इक्का' इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। 29 जून को रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। दमदार कोर्टरूम ड्रामा, इमोशनल फैमिली स्टोरी और सस्पेंस से भरपूर कहानी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
ट्रेलर लॉन्च पर दीया ने सुनाया मजेदार किस्सा
हाल ही में मुंबई में आयोजित फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए दीया मिर्जा ने शूटिंग के दौरान का एक दिलचस्प अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म के एक अहम सीन में उन्हें अक्षय खन्ना को थप्पड़ मारना था, लेकिन यह सीन करना उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था।
'अक्षय खन्ना को थप्पड़ मारने से डर लग रहा था'
दीया मिर्जा ने हंसते हुए कहा, "सबसे पहले तो मैं ये बता दूं कि अक्षय खन्ना को थप्पड़ मारना मेरे लिए बिल्कुल आसान नहीं था। मुझे इस सीन को लेकर काफी डर लग रहा था। उनकी बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है और मैं खुद भी उनकी बहुत बड़ी फैन हूं।" उन्होंने आगे कहा, "जब मुझे पता चला कि पहला ही सीन उनके साथ है और उसमें मुझे उन्हें थप्पड़ मारना है, तो मैं सच में घबरा गई थी। अब ट्रेलर में भी वो सीन दिखा दिया गया है, इसलिए मुझे लगता है कि लोग भी इस पर जरूर बात करेंगे।"
शूटिंग के पहले दिन करना पड़ा सबसे मुश्किल सीन
दीया ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के पहले ही दिन उन्हें यह चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक सीन करना पड़ा। उन्होंने कहा, "मेरे लिए इस फिल्म की सबसे खास बात यही रही कि पहले दिन ही मेरी शूटिंग अक्षय खन्ना के साथ थी। वह एक पावरहाउस परफॉर्मर हैं और मैं हमेशा से उनकी एक्टिंग की फैन रही हूं।" उन्होंने आगे कहा कि कैमरा ऑन होते ही सब कुछ बेहद स्वाभाविक हो गया। "सीन खत्म होने के बाद ऐसा लगा कि जैसे कोई शानदार क्रिकेट मैच खेलकर आए हों।"
फिल्म में पति-पत्नी बने हैं दीया और अक्षय
फिल्म 'इक्का' में दीया मिर्जा और अक्षय खन्ना पति-पत्नी की भूमिका निभा रहे हैं। दीया एक जिम्मेदार पत्नी और बेटी की मां के किरदार में नजर आएंगी, जबकि अक्षय खन्ना एक अमीर और प्रभावशाली बिजनेसमैन की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी जिंदगी के कई रहस्य कहानी को नया मोड़ देते हैं।
सनी देओल निभाएंगे तेज-तर्रार वकील का किरदार
फिल्म में सनी देओल एक मशहूर और बेबाक वकील के रोल में दिखाई देंगे। शुरुआत में वह अक्षय खन्ना का केस लड़ते हैं, लेकिन कहानी आगे बढ़ने के साथ कई ऐसे खुलासे होते हैं, जो पूरे मामले को पलट देते हैं।ट्रेलर से साफ संकेत मिलते हैं कि फिल्म में कोर्टरूम ड्रामा, पारिवारिक रिश्ते, भावनात्मक संघर्ष और कई बड़े ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। 'इक्का' सनी देओल की पहली ओटीटी फिल्म है। यह कोर्टरूम थ्रिलर 10 जुलाई को Netflix पर स्ट्रीम होगी, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।