Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

रिलीज से पहले विवादों में घिरी अजय देवगन की 'चौहान', क्षत्रिय परिषद ने जताई कड़ी आपत्ति

प्रकाशित: 30-06-2026, 05:17 AM
रिलीज से पहले विवादों में घिरी अजय देवगन की 'चौहान', क्षत्रिय परिषद ने जताई कड़ी आपत्ति
शेयर करें:

अजय देवगन स्टारर निर्देशक नीरज यादव की आगामी फिल्म 'चौहान' का एक्शन से भरपूर टीजर रिलीज होते ही विवादों में घिर गया है। फिल्म के कुछ संवादों और ऐतिहासिक संदर्भों को लेकर क्षत्रिय परिषद ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन का आरोप है कि फिल्म में राजपूत इतिहास और पहचान का इस्तेमाल राजनीतिक और वैचारिक एजेंडे के लिए किया जा रहा है।

'राजपूत इतिहास का राजनीतिक इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं'

क्षत्रिय परिषद ने जारी बयान में कहा कि चौहान एक ऐतिहासिक राजपूत (क्षत्रिय) वंश है, जिसकी विरासत इतिहास से जुड़ी है, न कि किसी राजनीतिक अभियान या विवाद से। संगठन ने कहा, "राजपूत इतिहास को चुनावी या वैचारिक मकसद के लिए हथियार बनाना और राजपूत पहचान का अपने हित में इस्तेमाल करना पूरी तरह अस्वीकार्य है।"

'राजपूत पहचान के साथ हो रहा है खिलवाड़'

परिषद का कहना है कि एक बार फिर राजपूत समुदाय को ऐसे राजनीतिक नैरेटिव में घसीटा जा रहा है, जिसकी न तो उन्होंने शुरुआत की और न ही कभी मांग की। बयान में कहा गया कि, "सिर्फ आक्रोश फैलाने, जातीय और सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने या राजनीतिक तमाशा खड़ा करने के लिए किसी राजपूत वंश के नाम का इस्तेमाल करना गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक है।"

इतिहास को सांप्रदायिक नजरिए से देखने का विरोध

संगठन ने कहा कि भारतीय इतिहास को केवल धार्मिक या सांप्रदायिक नजरिए से नहीं देखा जा सकता। अपने दावे के समर्थन में परिषद ने कई ऐतिहासिक उदाहरण भी दिए।

  • महमूद लोदी ने खानवा की लड़ाई में महाराणा सांगा के साथ युद्ध लड़ा था।
  • हकीम खान सूर ने हल्दीघाटी के युद्ध में महाराणा प्रताप की सेना की एक टुकड़ी का नेतृत्व किया था।
  • फरीद खान (शेरशाह सूरी) के शुरुआती सैन्य जीवन का संबंध राजा रायसल शेखावत से बताया जाता है।
  • महाराजा विक्रमादित्य तोमर ने पहली पानीपत की लड़ाई में लोदी सेना के साथ लड़ते हुए अपने प्राण न्योछावर किए थे।

परिषद का कहना है कि ये उदाहरण बताते हैं कि मध्यकालीन भारत में राजनीतिक गठबंधन सत्ता, वफादारी और सैन्य रणनीति के आधार पर बनते थे, न कि आज के सांप्रदायिक नजरिए के अनुसार।

टीजर के डायलॉग पर भी मचा बवाल

फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद इसके कुछ संवाद भी विवादों में आ गए। खासतौर पर अजय देवगन के वॉयसओवर में बोले गए डायलॉग— "पठानों से कह दो, चौहान आ रहा है।" इस लाइन पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। आलोचकों का कहना है कि यह संवाद एक खास समुदाय को निशाना बनाता हुआ प्रतीत होता है और इससे अनावश्यक विवाद पैदा हो सकता है।

पैलेट गन वाले सीन पर भी उठे सवाल

टीजर में कश्मीर और पैलेट गन से जुड़े कुछ दृश्य और संवाद भी विवाद का कारण बने। कई लोगों ने आरोप लगाया कि फिल्म में पैलेट गन के प्रभाव को कमतर दिखाया गया है। अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी सोशल मीडिया पर टीजर की आलोचना करते हुए लिखा कि पैलेट गन से होने वाली चोट को "सीमित नुकसान" बताना मानवाधिकारों के प्रति असंवेदनशील रवैया है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में कश्मीर और इतिहास को लेकर पर्याप्त रिसर्च नहीं की गई।

अब तक मेकर्स की ओर से नहीं आया जवाब

फिल्म को लेकर उठे विवाद पर अब तक निर्देशक नीरज यादव, अभिनेता अजय देवगन या फिल्म के निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जियो स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही 'चौहान' को ज्योति देशपांडे, आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह फिल्म 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

 
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: