टीवी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी इन दिनों अपने जुड़वां बेटों के साथ मदरहुड के खूबसूरत दौर का आनंद ले रही हैं। 26 जून को उनके दोनों बेटे एक महीने के हो गए। इस खास मौके पर दिव्यांका और उनके पति विवेक दहिया ने सोशल मीडिया पर एक प्यारा और मजेदार वीडियो शेयर कर फैंस के साथ इस खुशी को साझा किया।
यूनिक अंदाज में मनाया फर्स्ट मंथ बर्थडे
शेयर किए गए वीडियो में दिव्यांका और विवेक अपने दोनों बेटों को गोद में लिए नजर आते हैं। बच्चों का चेहरा कैमरे की ओर नहीं दिखाया गया, बल्कि उनकी पीठ दिखाई गई है। सामने एक बर्थडे केक रखा है और दोनों बच्चों को गोद में लेकर डांस करते नजर आते हैं। इसी दौरान अचानक केक पर लगी मोमबत्ती भी बुझ जाती है, जिससे वीडियो और भी मजेदार बन जाता है।
'काश हम पहले मिले होते'
वीडियो के साथ दिव्यांका ने एक भावुक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने अपने बेटों के लिए लिखा, "क्या तूफानी एंट्री मारी है मेरी लाइफ में मेरे जान्स... हमारे साथ का एक महीना पूरा हो गया।" इसके साथ ही उन्होंने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए लिखा, "काश हम पहले मिले होते!" इस लाइन ने फैंस का दिल जीत लिया।
पेरेंटिंग पर सलाह देने वालों को दिया जवाब
दिव्यांका ने अपने पोस्ट में उन लोगों को भी जवाब दिया जो उन्हें बच्चों की परवरिश को लेकर सलाह देते रहते हैं। उन्होंने लिखा, "मेरे प्यारे फॉलोअर्स, आप सब बहुत अच्छे हैं। लेकिन कुछ लोग कृपया अपनी पेरेंटिंग संबंधी सलाह और राय अपने पास ही रखें। शांत रहिए और बुरी नजर से दूर रहिए।"
विवेक दहिया भी निभा रहे हैं पूरी जिम्मेदारी
इससे पहले विवेक दहिया ने भी अपने बेटों के लिए एक खास वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह बॉलीवुड गाने पर डांस करते नजर आए थे। विवेक इन दिनों काम से ब्रेक लेकर दिव्यांका और अपने दोनों बेटों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिता रहे हैं और परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
फैंस को अब भी है चेहरे का इंतजार
दिव्यांका और विवेक समय-समय पर अपने बेटों की छोटी-छोटी झलकियां साझा करते रहते हैं, लेकिन अब तक उन्होंने बच्चों का चेहरा रिवील नहीं किया है। ऐसे में फैंस बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब यह स्टार कपल पहली बार अपने बेटों का चेहरा दुनिया को दिखाएगा।