टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस शिवशक्ति सचदेव ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। लंबे समय से अभिनय की दुनिया से दूर चल रहीं शिवशक्ति ने चुपचाप सगाई कर ली है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर अपने मंगेतर के साथ रोमांटिक तस्वीरें शेयर कर फैंस को यह खुशखबरी दी।
नदी किनारे मिला प्रपोजल, तस्वीरें हुईं वायरल
शिवशक्ति ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट की हैं। ये तस्वीरें उनकी सगाई समारोह की नहीं, बल्कि उस खास पल की हैं जब उनके बॉयफ्रेंड ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया। फोटोज में कपल पहाड़ों के बीच नदी किनारे एक-दूसरे के साथ रोमांटिक पल बिताता नजर आ रहा है। पहली तस्वीर में दोनों हाथ थामे एक खूबसूरत कॉटेज से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में दोनों अपनी इंगेजमेंट रिंग फ्लॉन्ट कर रहे हैं। बाकी तस्वीरों में कपल की केमिस्ट्री और खुशियां साफ झलक रही हैं।
लुक ने भी जीता फैंस का दिल
इस खास मौके पर शिवशक्ति सचदेव ने व्हाइट कलर का स्टाइलिश गाउन पहना, जिसका बैक डिजाइन काफी आकर्षक था। वहीं उनके मंगेतर ब्राउन स्वेटर और पैंट में नजर आए। दोनों का सिंपल और एलिगेंट लुक फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
कैप्शन में जाहिर किया प्यार
तस्वीरों के साथ शिवशक्ति ने बेहद भावुक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने लिखा,"The easiest and the best decision ever. No second thoughts, only forever." इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस और सेलेब्स ने कपल को बधाई देना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर उनकी ये तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
शिवशक्ति सचदेव का टीवी करियर
शिवशक्ति सचदेव ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी। उन्होंने 'बालिका वधू' में चंपा का किरदार निभाया था। हालांकि उन्हें असली पहचान टीवी शो 'सबकी लाडली बेबो' से मिली। इसके बाद वह 'अफसर बिटिया', 'दिया और बाती हम' समेत कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में नजर आईं। भले ही वह इन दिनों स्क्रीन से दूर हों, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से लगातार जुड़ी रहती हैं।