तमिल स्टार तृषा कृष्णन और अभिनेता-राजनेता विजय के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। विजय के जन्मदिन पर तृषा की ओर से कोई पोस्ट नहीं आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के बीच अनबन की अफवाहें फैलने लगी थीं। हालांकि अब तृषा की नई पोस्ट ने इन सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।
तृषा ने शेयर की खास तस्वीर
तृषा कृष्णन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर विजय के साथ एक प्यारी तस्वीर शेयर की है। फोटो में दोनों केक काटते नजर आ रहे हैं। विजय मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि तृषा उन्हें प्यार भरी नजरों से देख रही हैं। यह तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी।
कैप्शन ने खींचा फैंस का ध्यान
तस्वीर शेयर करते हुए तृषा ने लिखा, "उस शख्स के नाम जो हर चीज को मायने देता है। जन्मदिन मुबारक हो।" इसके साथ उन्होंने दिल और नजरबट्टू वाले इमोजी भी लगाए। तृषा के इस पोस्ट को लेकर फैंस का मानना है कि यह सिर्फ एक साधारण बर्थडे विश नहीं है, बल्कि दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच एक खास संकेत भी हो सकता है। हालांकि दोनों सितारों ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर कभी सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
क्यों शुरू हुई थीं अनबन की चर्चाएं?
दरअसल, विजय के जन्मदिन पर तृषा की ओर से कोई पोस्ट सामने नहीं आई थी। पिछले साल उन्होंने विजय को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी थी। ऐसे में इस बार पोस्ट न आने पर सोशल मीडिया यूजर्स ने तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए थे।
अनफॉलो करने की अफवाह भी उड़ी
सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया गया कि तृषा ने इंस्टाग्राम पर विजय को अनफॉलो कर दिया है। हालांकि इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। इसके बावजूद कई लोगों ने दोनों के रिश्ते में खटास आने की अटकलें लगानी शुरू कर दी थीं। अब विजय के साथ बर्थडे सेलिब्रेशन की तस्वीर सामने आने के बाद इन सभी अफवाहों पर लगभग विराम लग गया है।
सालों से जुड़ता रहा है दोनों का नाम
तृषा और विजय का नाम पिछले कई वर्षों से साथ जोड़ा जाता रहा है। दोनों ने कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया है। इनमें 'गिल्ली', 'तिरुपाची', 'आथी' और 'कुरुवी' जैसी फिल्में शामिल हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने हमेशा पसंद किया है। हालांकि 2008 में रिलीज हुई 'कुरुवी' के बाद दोनों करीब 15 साल तक किसी फिल्म में साथ नजर नहीं आए। इसके बाद 2023 में फिल्म 'लियो' के जरिए दोनों की जोड़ी ने बड़े पर्दे पर वापसी की।
वर्क फ्रंट पर क्या कर रहे हैं दोनों सितारे?
वर्क फ्रंट की बात करें तो तृषा हाल ही में सूर्या के साथ फिल्म 'करुप्पु' में नजर आई थीं। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की। वहीं विजय अब पूरी तरह राजनीति की ओर रुख कर चुके हैं। उनकी फिल्म 'जन नायकन' को उनके फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। हालांकि फिल्म की रिलीज डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। फैंस लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।