बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ इन दिनों एक खास मुलाकात को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर बागेश्वर बाबा से मुलाकात की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इस मुलाकात को लेकर फैंस के बीच भी काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है।
समाज सेवा और जनकल्याण पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान टाइगर श्रॉफ और बागेश्वर बाबा के बीच समाज सेवा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। बागेश्वर बाबा ने अभिनेता को अपने विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने गरीब बेटियों के लिए बनाए जा रहे कैंसर अस्पताल और बागेश्वर धाम में संचालित मां अन्नपूर्णा प्रसादम रसोई जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। बागेश्वर बाबा की बातों को सुनने के बाद टाइगर श्रॉफ ने इन सामाजिक पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाज के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास प्रेरणादायक हैं। मुलाकात के अंत में टाइगर ने बागेश्वर बाबा का आशीर्वाद भी लिया।
बालाजी पर फिल्म बनाने की भी हुई चर्चा
बताया जा रहा है कि इस दौरान टाइगर श्रॉफ के एक करीबी ने बागेश्वर बाबा के सामने बालाजी पर आधारित एक फिल्म बनाने की इच्छा भी जाहिर की। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और न ही किसी फिल्म की पुष्टि हुई है। टाइगर श्रॉफ और बागेश्वर बाबा की मुलाकात की तस्वीरें सामने आते ही इंटरनेट पर वायरल हो गईं। फैंस दोनों को एक साथ देखकर काफी खुश नजर आए और सोशल मीडिया पर तस्वीरों पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
फिल्मी करियर को लेकर भी चर्चा में हैं टाइगर
वर्कफ्रंट की बात करें तो टाइगर श्रॉफ लंबे समय से अपने एक्शन और डांसिंग स्किल्स के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया है, लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल पाई है।
'बागी 4' थी आखिरी रिलीज फिल्म
टाइगर श्रॉफ की आखिरी रिलीज फिल्म 'बागी 4' थी, जो सितंबर 2025 में सिनेमाघरों में आई थी। इस फिल्म में उनके साथ संजय दत्त और सोनम बाजवा भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी। इसके बावजूद टाइगर अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं।