बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं। लंबे समय बाद उन्होंने अपनी नई फिल्म 'रूह' की घोषणा की है। मेकर्स ने फिल्म का पहला लुक जारी करते हुए इसकी रिलीज को लेकर भी अहम जानकारी साझा की है। फिल्म का अनाउंसमेंट होते ही फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।
टीजर में दिखी रहस्य और डर से भरी दुनिया
फिल्म 'रूह' की घोषणा एक 52 सेकंड के टीजर वीडियो के जरिए की गई है। वीडियो की शुरुआत एक घने जंगल और एक रहस्यमयी लड़की से होती है। इसके बाद एक धुंधले शीशे का दृश्य दिखाई देता है, जिसे एक अनजान हाथ साफ करता है। शीशे में इमरान हाशमी का चेहरा नजर आता है, लेकिन कुछ ही क्षणों में उनकी आंखें काली पड़ जाती हैं। इसके बाद स्क्रीन पर फिल्म का नाम 'रूह' उभरता है, जो दर्शकों के बीच सस्पेंस और रोमांच पैदा करता है।
2027 में होगी रिलीज, तीन भाषाओं में आएगी फिल्म
मेकर्स ने टीजर के साथ यह भी बताया है कि 'रूह' साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषा में भी दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। इससे साफ है कि मेकर्स इसे बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी में हैं।
मयंक शर्मा संभालेंगे निर्देशन की कमान
फिल्म का निर्देशन मयंक शर्मा करेंगे, जबकि इसकी कहानी और पटकथा मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने मिलकर लिखी है। वहीं, फिल्म का निर्माण विक्रम खंखर और सनी खन्ना कर रहे हैं।
इमरान हाशमी ने बताई फिल्म से जुड़ने की वजह
फिल्म को लेकर इमरान हाशमी ने भी अपनी उत्सुकता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि 'रूह' ऐसी कहानी है जिसने उन्हें पहली ही बार में आकर्षित कर लिया। अभिनेता के मुताबिक, फिल्म में आधुनिक हॉरर, इमोशन और संगीत का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा।
'दर्शक मुझे इस तरह की फिल्मों से जोड़कर देखते हैं'
इमरान हाशमी ने कहा कि दर्शकों ने हमेशा उन्हें इस तरह की फिल्मों में पसंद किया है। उन्होंने बताया कि निर्देशक मयंक शर्मा जिस दुनिया को पर्दे पर उतार रहे हैं, वह बेहद दमदार, भावनात्मक और सिनेमाई अनुभव देने वाली है। यही वजह है कि वह इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं और चाहते हैं कि दर्शक इसे बड़े पर्दे पर जरूर देखें।
फैंस को फिर मिलेगा हॉरर का रोमांच
हॉरर फिल्मों में अपनी अलग पहचान बना चुके इमरान हाशमी की वापसी को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। 'रूह' के पहले लुक ने ही फिल्म को लेकर जिज्ञासा बढ़ा दी है और अब दर्शकों को इसके रिलीज होने का इंतजार रहेगा।