बिहार कृषि प्रबंधन एवं प्रसार प्रशिक्षण संस्थान (बामेती), पटना परिसर में शुक्रवार 19 जून से तीन दिवसीय आम महोत्सव 2026 का आयोजन शुरू होगा। यह महोत्सव 21 जून तक चलेगा। कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार के प्रसिद्ध आमों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
किसानों और व्यापारियों को मिलेगा साझा मंच
बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य किसानों, वैज्ञानिकों, उद्यमियों, व्यापारियों और निर्यातकों को एक मंच पर लाना है। इससे बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही किसानों को सीधे बड़े खरीदारों और निर्यातकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
आम उत्पादन में बिहार की मजबूत पहचान
कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार देश के प्रमुख आम उत्पादक राज्यों में शामिल है। राज्य में करीब 1.64 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आम की खेती की जाती है और प्रतिवर्ष लगभग 15.84 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है।
बिहार की खास आम किस्में होंगी आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में बिहार की प्रसिद्ध आम प्रजातियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें भागलपुर का जर्दालु, पटना का दीघा मालदह, मधुबनी का कृष्णभोग, सुपौल का गुलाबखास, सीतामढ़ी का बम्बइया, बक्सर का चौसा, मुंगेर का चुरसा मालदह, दरभंगा का कलकतिया और पश्चिमी चंपारण का जर्दा आम प्रमुख हैं।
आधुनिक तकनीकों का होगा प्रदर्शन
आम महोत्सव में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से भी परिचित कराया जाएगा। आम के कीट और रोगों की पहचान के लिए प्लांटिक्स ऐप का लाइव डेमो दिया जाएगा, जिससे किसानों को समय पर समाधान प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
AR-VR और IoT तकनीक का अनोखा अनुभव
महोत्सव में आईओटी आधारित स्वचालित बागवानी तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा एआर (ऑगमेंटेड रियलिटी) और वीआर (वर्चुअल रियलिटी) तकनीक के माध्यम से आम के बगीचों का वास्तविक अनुभव भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें दृश्य, सुगंध और वातावरण का विशेष समावेश होगा।
'आम खाओ, इनाम पाओ' प्रतियोगिता बनेगी आकर्षण
बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए 'आम खाओ, इनाम पाओ' प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही कृषि विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
खरीद सकेंगे ताजे और स्वादिष्ट आम
महोत्सव में आने वाले आगंतुक बिहार की विभिन्न किस्मों के ताजे और स्वादिष्ट आमों का स्वाद लेने के साथ-साथ उन्हें खरीद भी सकेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि यह महोत्सव किसानों की आय बढ़ाने और बिहार के आमों को नए बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।