90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा भले ही इन दिनों फिल्मों से दूर हों, लेकिन उनकी पत्नी सुनीता आहूजा लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। अपने बेबाक अंदाज और खुलकर राय रखने की वजह से वह अक्सर सुर्खियां बटोरती हैं। हाल के दिनों में सुनीता कई टीवी शोज और इंटरव्यू में नजर आई हैं, जहां दर्शक उनकी मजेदार बातों और शानदार कॉमिक टाइमिंग को खूब पसंद कर रहे हैं।
इन दिनों सुनीता आहूजा अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के शो 'मां है ना' में नजर आ रही हैं। इसी शो के जरिए उनकी बेटी टीना आहूजा ने भी टीवी पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। शो में सुनीता कुकिंग के साथ-साथ अपनी हाजिरजवाबी और मजेदार टिप्पणियों से माहौल को हल्का बनाए रखती हैं। हालांकि कई बार उनके बयान सोशल मीडिया पर बहस का विषय भी बन जाते हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान सुनीता आहूजा ने गोविंदा के लुक और हेयर पैच को लेकर खुलकर बातचीत की। उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार गोविंदा से मिली थीं, तब वह बेहद हैंडसम लगते थे और उनके बाल पूरी तरह प्राकृतिक थे।सुनीता ने हंसते हुए कहा, “गोविंदा आज भी हैंडसम हैं, लेकिन जब मैं उनसे पहली बार मिली थी तब उनके बाल ओरिजिनल थे। अब वह हेयर पैच लगाते हैं।” उनकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वह इसे किसी नकारात्मक नजरिए से नहीं देखतीं।
सुनीता का मानना है कि हेयर पैच और अन्य ब्यूटी एन्हांसमेंट्स को लेकर लोगों को खुलकर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मनोरंजन जगत में यह बेहद सामान्य बात है और इसमें शर्माने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि हेयर पैच के बारे में बात करना गलत है। इंडस्ट्री में कई कलाकार इसका इस्तेमाल करते हैं। सिर्फ हीरो ही नहीं, बल्कि कई हीरोइनें भी हेयर एक्सटेंशन और अन्य हेयर सॉल्यूशंस का उपयोग करती हैं। यह आज के दौर में बिल्कुल सामान्य बात है।”
यह पहली बार नहीं है जब सुनीता आहूजा का कोई बयान चर्चा में आया हो। इससे पहले शिल्पा शेट्टी के शो के एक कार्यक्रम में उन्होंने गोविंदा को 'बकरी' कह दिया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।दरअसल, वह GOAT शब्द का इस्तेमाल करना चाहती थीं, लेकिन उसके सही अर्थ को लेकर भ्रमित हो गई थीं। बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा गोविंदा का मजाक उड़ाने का नहीं था।
सुनीता ने कहा, “मैं उन्हें शेर कहने वाली थी, लेकिन मेरे मुंह से बकरी निकल गया। बाद में मुझे पता चला कि GOAT का मतलब ‘Greatest Of All Time’ होता है। अगर मुझे उस समय इसका सही मतलब पता होता, तो मैं उन्हें GOAT ही कहती।”
ट्रोलिंग के बाद सुनीता ने गोविंदा की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा में गोविंदा जैसा कलाकार दूसरा नहीं है। सुनीता ने कहा, “मेरे पति सिंगल पीस हैं। उनके जैसा एक्टर न पहले कभी हुआ और न आगे होगा। कॉमेडी, डांस, रोमांस और अभिनय हर क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।” उन्होंने आगे कहा कि गोविंदा की लोकप्रियता आज भी बरकरार है और नई पीढ़ी के कई कलाकार उन्हें अपना प्रेरणास्रोत मानते हैं।