अभिनेता प्रकाश राज के खिलाफ तिरुपति की एक अदालत में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई है। मामला उनके कथित बयानों से जुड़ा है, जिनमें हिंदू देवी-देवताओं और रामायण को लेकर विवादित टिप्पणियां किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन बयानों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
यह शिकायत बीजेपी नेता और तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य जी. भानुप्रकाश रेड्डी ने सोमवार को तिरुपति की एडिशनल ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास कोर्ट में दायर की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रकाश राज ने केरल लिटरेचर फेस्टिवल समेत कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भड़काऊ और आपत्तिजनक बयान दिए।
शिकायत के अनुसार, प्रकाश राज ने कथित तौर पर भगवान राम और लक्ष्मण को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की थी। आरोप है कि उन्होंने कहा था कि भगवान राम और लक्ष्मण उत्तर भारत से दक्षिण भारत पर आक्रमण करने आए थे और इस संदर्भ को लंका से जोड़कर प्रस्तुत किया था।
भानुप्रकाश रेड्डी ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्होंने 17 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा, जिसमें प्रकाश राज भगवान राम, लक्ष्मण और पवित्र महाकाव्य रामायण के बारे में कथित रूप से अपमानजनक, तथ्यात्मक रूप से गलत और भड़काऊ टिप्पणियां करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद हिंदू समुदाय के एक वर्ग में नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अभिनेता ने जानबूझकर ऐसे बयान दिए, जिनसे 'आर्यन-द्रविड़' जैसी विवादित बहसों को बढ़ावा मिल सकता है। उनका कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां क्षेत्रीय और सामाजिक तनाव पैदा कर सकती हैं तथा देश की सांस्कृतिक एकता और धार्मिक सद्भाव को प्रभावित कर सकती हैं।
शिकायत में कहा गया है कि प्रकाश राज के कथित बयानों से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और यह सार्वजनिक शांति एवं सौहार्द के खिलाफ है। शिकायतकर्ता ने अदालत से अनुरोध किया है कि शिकायत को स्वीकार कर मामले की जांच कराई जाए और आवश्यक होने पर अभिनेता को समन जारी कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।