बॉलीवुड अभिनेत्री शरवरी वाघ लगातार इंडस्ट्री की सबसे चर्चित और डिमांडिंग अभिनेत्रियों में शामिल होती जा रही हैं। यशराज फिल्म्स से लेकर मैडॉक फिल्म्स तक कई बड़े बैनर उनके साथ काम करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। अब खबर है कि निर्देशक लव रंजन भी अपनी अगली फिल्म के लिए शरवरी वाघ को कास्ट करने की तैयारी में हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लव रंजन अपनी अगली फिल्म के लिए शरवरी वाघ से बातचीत कर रहे हैं। इस फिल्म में बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन लीड रोल में नजर आ सकते हैं। यदि सब कुछ तय रहा तो दर्शकों को पहली बार कार्तिक और शरवरी की नई ऑन-स्क्रीन जोड़ी देखने को मिल सकती है।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शरवरी को फिल्म का कॉन्सेप्ट काफी पसंद आया है और वह इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साहित हैं। माना जा रहा है कि अभिनेत्री को भरोसा है कि लव रंजन की यह फिल्म आज की ऑडियंस को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी और मनोरंजन से भरपूर होगी।
सूत्रों के अनुसार, लव रंजन फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। उनका लक्ष्य इस साल दिसंबर तक फिल्म की शूटिंग शुरू करना है। स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद सबसे पहले कार्तिक आर्यन को कहानी सुनाई जाएगी और उसके बाद शरवरी वाघ के साथ अंतिम बातचीत की जाएगी।
बताया जा रहा है कि यदि कार्तिक और शरवरी दोनों को अपने-अपने किरदार पसंद आते हैं, तो मेकर्स उन्हें आधिकारिक तौर पर साइन कर सकते हैं। इसके बाद दिसंबर तक फिल्म की घोषणा भी की जा सकती है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो शरवरी वाघ की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इसके अलावा वह यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म 'अल्फा' का हिस्सा हैं। वहीं, वह राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में भी नजर आने वाली हैं, जिसका निर्देशन सूरज बड़जात्या कर रहे हैं।
अगर यह प्रोजेक्ट फाइनल होता है, तो कार्तिक आर्यन और शरवरी वाघ की फ्रेश जोड़ी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। ऐसे में फैंस अब मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।