हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पति वीर साहू के साथ चल रहे कानूनी विवाद के बीच सपना ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो साझा किया है, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। हालांकि उन्होंने विवाद पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन उनके पोस्ट को लोग मौजूदा परिस्थितियों से जोड़कर देख रहे हैं।
दिल्ली कोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के कुछ दिनों बाद सपना चौधरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में वह हरे रंग की साड़ी पहनकर डांस करती नजर आ रही हैं। उनके चेहरे पर मुस्कान और आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
वीडियो के साथ सपना ने एक संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा, "सुनो सखी... कुछ तो लोग कहेंगे, वरना बेचारे जिंदा कैसे रहेंगे। उनका काम है कहना, तुम बस बहरी बन जाओ और अपने चेहरे पर मुस्कान बनाए रखो।" इस पोस्ट को उनके मौजूदा हालात से जोड़कर देखा जा रहा है।
इसके बाद सपना ने एक और पोस्ट में लिखा, "अब तक उसने मुझे माशूका नहीं बोला, शायद मैं उसकी पिशाचिनी हूं।" वहीं रविवार को किए गए एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "दूसरों की कमियां निकालकर अपने किरदार को अच्छा बनाना आजकल ट्रेंड में है, लेकिन मैं बदला लेने में यकीन नहीं करती... कहीं का किया, कहीं तो भुगतोगे ही।"
हाल ही में दिल्ली की द्वारका महिला अदालत ने सपना चौधरी को अंतरिम राहत प्रदान की है। सुनवाई के दौरान अदालत ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना से किसी भी तरह का संपर्क करने से रोक दिया। इसके अलावा उन्हें सपना के घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाने से भी मना किया गया है। मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को निर्धारित की गई है।
यह पूरा विवाद सपना चौधरी द्वारा पति वीर साहू पर लगाए गए घरेलू हिंसा के आरोपों से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपना ने आरोप लगाया है कि उन्हें शादी के दौरान शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने कथित तस्वीरें, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों की भी समीक्षा की।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सपना इन दिनों दिल्ली के नजफगढ़ स्थित अपने माता-पिता के घर पर रह रही हैं। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है, जबकि मामले की सुनवाई अभी जारी है।
सपना चौधरी और वीर साहू हरियाणवी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के चर्चित नाम हैं। बताया जाता है कि दोनों लगभग चार साल तक रिलेशनशिप में रहे और जनवरी 2020 में निजी समारोह में शादी की थी। इस दंपति के दो बेटे हैं—पोरस और शाहबीर। लंबे समय तक निजी जीवन को सार्वजनिक नजरों से दूर रखने वाले इस कपल की निजी जिंदगी अब कानूनी विवाद के चलते सुर्खियों में बनी हुई है।