बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन और साउथ अभिनेत्री श्रीलीला एक बार फिर अपनी कथित रिलेशनशिप को लेकर चर्चा में हैं। दोनों के डेटिंग की अफवाहें लंबे समय से सोशल मीडिया पर चल रही हैं और अब कार्तिक के एक खास पोस्ट ने इन अटकलों को फिर हवा दे दी है।
श्रीलीला के जन्मदिन के मौके पर कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया पर एक बेहद प्यारी तस्वीर साझा की। फोटो में कार्तिक बाइक चलाते नजर आ रहे हैं, जबकि श्रीलीला उनके पीछे बैठी हुई हैं। दोनों बाइक के शीशे में मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर सामने आते ही फैंस ने इसे रोमांटिक मोमेंट करार देना शुरू कर दिया।
तस्वीर शेयर करते हुए कार्तिक ने कैप्शन में लिखा, "Happy Birthday Sree Sree।" वहीं श्रीलीला ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "Thank You Sweetest।" दोनों के बीच हुई यह छोटी-सी बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
कार्तिक और श्रीलीला की इस पोस्ट पर फैंस लगातार कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "एक सुपर ब्लॉकबस्टर आ रही है।" वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा, "वाह, आशिक क्या लग रहे हो।" कई फैंस ने दोनों की जोड़ी को बेहद खूबसूरत बताया और उनके रिश्ते को लेकर अटकलें लगानी शुरू कर दीं।
हालांकि, कार्तिक आर्यन और श्रीलीला दोनों ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। ऐसे में रिलेशनशिप की खबरें फिलहाल सिर्फ अफवाहों तक ही सीमित हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन और श्रीलीला जल्द ही निर्देशक अनुराग बासु की रोमांटिक फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के जरिए श्रीलीला बॉलीवुड में डेब्यू करेंगी। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म 2026 में रिलीज हो सकती है।