अरवल जिले के सदर थाना क्षेत्र में अरवल बाजार स्थित केनरा बैंक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर एक पुलिस वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक को पटना एम्स किया गया रेफर
घायल युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के लेख बीघा गांव निवासी बिजेंद्र यादव के 19 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया।
हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने लगाया जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-139 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले की जांच के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।