बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में छात्रों से जुड़े मुद्दे पर अपनी राय रखने के बाद अब सलमान ने जिम से अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए एक क्रिप्टिक कैप्शन लिखा है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "सलमान खान डर गया... हम्म, जो डर गया वो मर गया।" पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
स्टूडेंट्स के समर्थन में किया था पोस्ट
इससे पहले सलमान खान ने देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन और पेपर लीक के मुद्दे पर पोस्ट साझा किया था। उन्होंने लिखा था कि उन्हें छात्रों के लिए दुख है और पेपर लीक जैसा मामला बेहद गंभीर है। इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया मिली और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे साझा किया।
सोनम वांगचुक और पीएम मोदी के बयान का भी किया था जिक्र
इसके बाद सलमान ने एक और पोस्ट में छात्रों से घर लौटने की अपील की थी। साथ ही भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक से हड़ताल समाप्त कर भोजन करने का आग्रह किया। उन्होंने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा का भी उल्लेख किया था।
क्रिप्टिक पोस्ट पर फैंस के रिएक्शन
अब सलमान के नए पोस्ट ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है। जिम में वर्कआउट करते हुए तस्वीर साझा कर लिखे गए उनके कैप्शन को लेकर यूजर्स तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। पोस्ट पर अभिनेत्री राखी सावंत ने "भाई" लिखकर प्रतिक्रिया दी। वहीं अन्य यूजर्स ने कमेंट किए, "भाई को कम मत समझना", "भाई का खौफ", "सलमान खान को कोई रिप्लेस नहीं कर सकता" और "ऐसे ही दुनिया इन्हें भाईजान नहीं कहती" जैसे कई संदेश सोशल मीडिया पर देखने को मिले।
इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान आने वाले समय में 'मातृभूमि' फिल्म में नजर आएंगे, जो गलवान घाटी की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। इसके अलावा वह साउथ की फिल्म 'SVC63' की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री नयनतारा नजर आएंगी। फिल्म के अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होने की संभावना है।