बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान ने शुक्रवार को रफ्तार पकड़ ली। भाजपा सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में भाजपा के पक्ष में माहौल है और पार्टी की जीत तय है।
कई इलाकों में की जनसभाएं
मनोज तिवारी ने जयप्रकाश नगर, बेला के बीच तीनपुलवा और दरियापुर गोला (विश्वविद्यालय मंडल) में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
विकास और सुशासन के नाम पर मांगा समर्थन
अपने संबोधन में मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और बांकीपुर की जनता इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा के साथ खड़ी है।
'भाजपा की राजनीति जनसेवा और राष्ट्रहित की'
भाजपा सांसद ने कहा कि पार्टी की पहचान विकास, राष्ट्रहित और जनसेवा की राजनीति से है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर के सर्वांगीण विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और क्षेत्र की प्रगति के लिए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाना आवश्यक है।
कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचने की अपील
मनोज तिवारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने मतदान के दिन अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचकर मतदान सुनिश्चित कराने की भी अपील की।
'यह सिर्फ उपचुनाव नहीं, विकास का अवसर'
उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनविश्वास को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का उत्साह भाजपा के पक्ष में व्यापक समर्थन का संकेत दे रहा है।
जनसभाओं में बड़ी संख्या में समर्थक रहे मौजूद
भाजपा की जनसभाओं में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने दावा किया कि आगामी उपचुनाव में पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।