बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव ने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की है। उन्होंने युवाओं की आवाज को गंभीरता से सुनने की अपील की और कहा कि जब युवाओं को लगता है कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही है, तो यह पूरे समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है।
'हिंसा नहीं, संवाद ही समाधान का रास्ता'
अपने पोस्ट में राजकुमार राव ने लिखा कि हर आवाज को सम्मान, निष्पक्षता और गरिमा के साथ सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष की हिंसा केवल जख्मों को बढ़ाती है और समाज को समाधान से दूर ले जाती है। उनके मुताबिक यह समय टकराव का नहीं, बल्कि संवाद, सहानुभूति और समझदारी का है।
सरकार और प्रशासन से की अपील
अभिनेता ने सरकार और प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि छात्रों को जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए और अधिकारी संवेदनशीलता, खुलेपन और सुनने की सच्ची इच्छा के साथ उनकी बात सुनें। उन्होंने कहा कि स्थायी बदलाव टकराव से नहीं, बल्कि बातचीत और विश्वास से आता है।
'निष्पक्ष शिक्षा ही देश की तरक्की की नींव'
राजकुमार राव ने अपने संदेश के अंत में कहा कि देश की प्रगति के लिए सभी का उद्देश्य एक होना चाहिए और उस प्रगति की सबसे मजबूत नींव निष्पक्ष एवं समान शिक्षा व्यवस्था है। उन्होंने अपने पोस्ट का समापन "जय हिंद" के साथ किया।
कई कलाकारों ने भी जताया छात्रों के प्रति समर्थन
राजकुमार राव के अलावा फिल्म जगत की कई हस्तियों ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है। शबाना आज़मी, कुनिका सदानंद और प्रकाश राज ने दिल्ली पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया। वहीं सोनू सूद, वीर दास, दीया मिर्जा, सोहा अली खान, अदिति राव हैदरी, रितेश देशमुख, जेनेलिया देशमुख, भूमि पेडनेकर, हुमा कुरैशी, नंदिता दास, आयुष शर्मा, नसीरुद्दीन शाह, ऋतिक रोशन और सुतापा सिकदर सहित कई अन्य कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।