उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर जिले के दौरे के दौरान तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध देवी पाटन शक्तिपीठ पहुंचकर मां पाटेश्वरी के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
गौशाला पहुंचकर निभाई गौ सेवा की परंपरा
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर स्थित गौशाला का भी दौरा किया। यहां उन्होंने गायों और छोटे बछड़ों को स्नेहपूर्वक दुलारा तथा अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाकर गौ सेवा की परंपरा निभाई।
देवी पाटन मंदिर से जुड़ा है गहरा आध्यात्मिक संबंध
गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर होने के नाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का देवी पाटन मंदिर से विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। जब भी वह इस मंदिर में आते हैं, मां पाटेश्वरी के दर्शन के साथ गौशाला में समय बिताना और गौ सेवा करना उनकी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा रहता है।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैद रहा, जिससे दर्शन और अन्य कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।