Khabar Supar Fast - Latest News & Updates | खबर | Supar Fast Khabar Supar Fast
होम राशिफल
शॉर्ट वीडियो
ई-पेपर सर्च

श्रावण मास से पहले नैमिषारण्य में अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया देवदेवेश्वर मंदिर का निरीक्षण

प्रकाशित: 20-07-2026, 12:50 PM
श्रावण मास से पहले नैमिषारण्य में अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया देवदेवेश्वर मंदिर का निरीक्षण
शेयर करें:

श्रावण मास में नैमिषारण्य आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर सीतापुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने नैमिषारण्य स्थित देवदेवेश्वर मंदिर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए अहम निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने मंदिर परिसर और प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर

डीएम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और दिशा-सूचक बोर्ड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

घाटों पर सफाई और सुरक्षा के विशेष इंतजाम

जिलाधिकारी ने घाटों पर नियमित सफाई, बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा घाटों पर पुलिस बल, गोताखोरों और नाविकों की तैनाती करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

भीड़ प्रबंधन पर रहेगा विशेष फोकस

प्रशासन ने श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से दर्शन-पूजन कर सकें।

 
 
 
0.0
Average Rating
0 Ratings
Tap a star to rate this article: