भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत शाहपुर-बनाही रोड पर स्थित छेर नदी का डायवर्सन लगातार हो रही बारिश के बाद जलमग्न हो गया है। डायवर्सन पर पानी भर जाने से राहगीरों और स्कूली बच्चों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।
बच्चों को सहारा देकर कराया जा रहा पार
डायवर्सन पर पानी का स्तर बढ़ने के कारण स्थानीय लोग स्कूली बच्चों को सहारा देकर एक किनारे से दूसरे किनारे तक पहुंचा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि बिना मदद के बच्चों का पार करना जोखिम भरा हो गया है।
दो दिनों की बारिश बनी परेशानी की वजह
क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदियों और तालाबों का जलस्तर बढ़ गया है। इसका असर सड़क संपर्क पर भी पड़ा है, जिससे ग्रामीणों और दैनिक यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों के लिए राहत, आम लोगों के लिए चुनौती
जहां लगातार बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं किसानों के चेहरों पर खुशी भी देखने को मिल रही है। किसानों का कहना है कि अच्छी बारिश से धान सहित अन्य फसलों को लाभ मिलेगा और खेती के लिए यह मौसम अनुकूल साबित होगा।
विधायक ने डीएम से की हस्तक्षेप की मांग
शाहपुर विधायक राकेश ओझा ने इस समस्या को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया से मामले में तत्काल संज्ञान लेने और लोगों की परेशानी दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।