बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र में चौराहे के पास स्थित जय दुर्गा मोटर पार्ट्स की दुकान में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के दौरान दमकल कर्मियों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा जब दोनों वाहनों का पानी खत्म हो गया। इसके बाद जिला अस्पताल के पंप से पानी भरकर दोबारा अभियान शुरू किया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दुकान मालिक ने बताई आग लगने की वजह
दुकान मालिक सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह दुकान खोलने के बाद कर्मचारी ऊपर रखे सामान को व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई। उन्होंने बताया कि आग की चपेट में आकर दुकान का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बगल के स्कूल में मची दहशत
आग लगने की सबसे गंभीर बात यह रही कि दुकान के ठीक बगल में स्थित फाउंडेशन स्कूल में उस समय बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों को तत्काल कक्षाओं से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कई अभिभावक स्कूल पहुंच गए और अपने बच्चों को घर ले गए।
बड़ा हादसा टला
दमकल विभाग की समय पर कार्रवाई के चलते आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो पास के स्कूल और आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने का खतरा था। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।