पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से अस्पताल में भर्ती कराया है। वांगचुक पिछले 20 दिनों से कथित पेपर लीक मामलों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनकी लगातार बिगड़ती सेहत को देखते हुए कोर्ट के निर्देशों और मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह के बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पेपर लीक के विरोध में कर रहे थे अनशन
सोनम वांगचुक का कहना है कि NEET, CBSE, CUET और SSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। इसी मुद्दे को लेकर वे जंतर-मंतर पर लगातार भूख हड़ताल कर रहे थे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग उठा रहे थे।
वीडियो में छात्रों की पीड़ा पर उठाए सवाल
अनशन के दौरान साझा किए गए एक वीडियो में सोनम वांगचुक ने छात्रों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कथित परीक्षा अनियमितताओं का असर केवल छात्रों और उनके परिवारों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर जैसे महत्वपूर्ण पेशों की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से इस मुद्दे पर जागरूक होने और आवाज उठाने की अपील की।
ऋतिक रोशन ने किया समर्थन
अभिनेता ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया पर लीसा रे की एक पोस्ट साझा करते हुए सोनम वांगचुक का समर्थन किया। वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतिक ने लिखा कि छात्रों के दर्द को वह महसूस कर सकते हैं। उन्होंने अपनी फिल्म 'सुपर 30' का उल्लेख करते हुए कहा कि एक शिक्षक की भूमिका निभाने के दौरान उन्हें विद्यार्थियों के संघर्ष को करीब से समझने का अवसर मिला था।
कई फिल्मी हस्तियां भी आईं समर्थन में
ऋतिक रोशन से पहले भी कई फिल्मी हस्तियों ने सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी आवाज उठाई थी। इनमें स्वरा भास्कर, विशाल ददलानी, सोनाक्षी सिन्हा, जीनत अमान, अनुराग कश्यप, रुबीना दिलैक, ओमी वैद्य, अभय देओल, चिन्मयी श्रीपदा, शबाना आजमी, भुवन बाम, आशीष चंचलानी, मुनव्वर फारूकी, सोनी राजदान, नसीरुद्दीन शाह और रत्ना पाठक समेत कई नाम शामिल हैं। इन हस्तियों ने वांगचुक के स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए उनसे भूख हड़ताल समाप्त करने की भी अपील की है।