बिजनेसमैन राज कुंद्रा ने साल 2021 के चर्चित पोर्नोग्राफी केस को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्हें पिछले पांच वर्षों से इंसाफ का इंतजार है। राज कुंद्रा ने स्पष्ट कहा कि यदि वे दोषी साबित होते हैं तो हर सजा स्वीकार करने और यहां तक कि अपनी जान देने के लिए भी तैयार हैं।
"दोषी हूं तो सजा दें, नहीं तो क्लीन चिट दें"
राज कुंद्रा ने कहा कि वे चाहते हैं कि इस मामले का जल्द से जल्द निष्कर्ष निकले। उन्होंने कहा, "सभी आरोपियों में मैं ही ऐसा हूं जो कह रहा हूं कि अगर मैंने कुछ गलत किया है तो मुझे सजा दें और इस मामले को हमेशा के लिए खत्म करें। लेकिन अगर मैंने कुछ गलत नहीं किया है, तो मुझे क्लीन चिट दी जाए। मैं पिछले पांच सालों से यह केस लड़ रहा हूं। अगर मैं दोषी पाया जाता हूं, तो मैं अपनी जान देने के लिए भी तैयार हूं।"
2021 में हुई थी गिरफ्तारी
साल 2021 में राज कुंद्रा पर मोबाइल ऐप्स के जरिए कथित तौर पर अश्लील वीडियो (पोर्नोग्राफिक कंटेंट) बनाने और प्रसारित करने का आरोप लगा था। इस मामले में मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था और उन्हें करीब 63 दिन आर्थर रोड जेल में बिताने पड़े थे।
गिरफ्तारी के बाद बंद किए कई कारोबार
राज कुंद्रा ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उन्होंने और उनकी पत्नी शिल्पा शेट्टी ने अपने कई कारोबार बंद करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, होम शॉपिंग वेंचर और बेटे के नाम पर शुरू की गई टेक्नोलॉजी कंपनी 'वियान इंडस्ट्रीज' सहित कई निवेश प्रभावित हुए। उनके अनुसार, इन व्यवसायों से करीब 4,000 लोगों की आजीविका जुड़ी हुई थी।
"आर्थर रोड जेल के 63 दिन सबसे डरावने थे"
राज कुंद्रा ने जेल में बिताए दिनों को याद करते हुए कहा कि आर्थर रोड जेल के 63 दिन उनकी जिंदगी के सबसे कठिन और डरावने दिन थे। उन्होंने बताया कि कई बार उन्हें यह भी नहीं पता होता था कि अगली सुबह देख पाएंगे या नहीं। हालांकि, उन्होंने कहा कि वे अपनी जिंदगी का कोई भी हिस्सा बदलना नहीं चाहेंगे क्योंकि इसी अनुभव ने उन्हें यह समझाया कि मुश्किल समय में वास्तव में कौन उनके साथ खड़ा था।
राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी
राज कुंद्रा ब्रिटिश-भारतीय बिजनेसमैन हैं और साल 2009 में उन्होंने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से शादी की थी। साल 2012 में उनके बेटे का जन्म हुआ, जबकि 2020 में दोनों ने सरोगेसी के जरिए अपनी बेटी का स्वागत किया।