पटना स्थित जनता दल प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार की मंत्री शीला मंडल ने आगामी उपचुनाव को लेकर एनडीए की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि एनडीए को चुनाव में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है और गठबंधन का प्रत्याशी भारी मतों से जीत दर्ज करेगा।
'विपक्ष कहीं नहीं टिक पाएगा'
शीला मंडल ने कहा कि चुनाव मैदान में मौजूद विपक्षी दल एनडीए के सामने टिक नहीं पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता का समर्थन एनडीए के साथ है और इसका परिणाम उपचुनाव के नतीजों में साफ दिखाई देगा।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर क्या बोलीं?
पार्टी में कार्यकर्ताओं की कथित नाराजगी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि संगठन के भीतर किसी प्रकार की कोई बड़ी नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई असंतोष है तो उसे बातचीत और आपसी समन्वय के माध्यम से दूर कर लिया जाएगा।
लालू यादव को मिली राहत पर प्रतिक्रिया
चारा घोटाला मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत पर प्रतिक्रिया देते हुए शीला मंडल ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि अदालत का जो भी फैसला होगा, उसका सम्मान किया जाएगा।