पटना की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नामांकन के दौरान बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की असली लड़ाई राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से है, न कि प्रशांत किशोर या जन सुराज से।
'प्रशांत किशोर सिर्फ वोट काटने के लिए मैदान में'
अशोक चौधरी ने कहा कि प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में केवल वोट काटने के उद्देश्य से उतरे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए की सीधी टक्कर आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता से है और चुनावी मुकाबले में प्रशांत किशोर कहीं नजर नहीं आएंगे। उन्होंने कहा, "हमारी लड़ाई दूर-दूर तक प्रशांत किशोर से नहीं है। जो परिणाम विधानसभा चुनाव में हुआ था, वैसा ही उपचुनाव में भी देखने को मिलेगा।"
भाजपा का मजबूत गढ़ बताया बांकीपुर
अशोक चौधरी ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट पिछले 31 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता नितिन नवीन और उनके परिवार का इस क्षेत्र से लंबे समय से जुड़ाव रहा है और जनता लगातार भाजपा पर विश्वास जताती रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि वह स्वयं बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं और एक मतदाता के नाते प्रशांत किशोर को सलाह देते हैं कि उन्हें यह चुनाव नहीं लड़ना चाहिए, क्योंकि इसका परिणाम उनके लिए अच्छा नहीं होगा।
अभिषेक कुमार बंटी ने भरा नामांकन
एनडीए की ओर से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए गए अभिषेक कुमार बंटी ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात पर भी बोले
अशोक चौधरी ने हाल ही में भरत तिवारी के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात करने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात पूरी तरह मानवीय संवेदना के आधार पर थी।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के साथ ऐसी दुखद घटना होने पर संवेदना व्यक्त करना इंसानियत का फर्ज है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया है कि मामले में जो भी लोग दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।