गंगा नदी पर निर्माणाधीन बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा सेतु पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। पुल पर बेयरिंग जॉइंट खोलने के दौरान निर्माणाधीन संरचना का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
करीब आधा दर्जन मजदूर घायल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में करीब आधा दर्जन मजदूर घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तेज आवाज के साथ गिरा पुल का हिस्सा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते पुल का एक हिस्सा नीचे गिर गया। घटना के बाद वहां मौजूद मजदूरों में दहशत फैल गई और सभी सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
निर्माण कार्य रोका गया, जांच शुरू
हादसे के बाद निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। संबंधित विभाग के अधिकारी और परियोजना से जुड़े अभियंता मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी पहलुओं की भी समीक्षा की जा रही है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण पुल परियोजना में हुए हादसे के बाद निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खामी, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।