फिल्म 'ओडियन- द एज ऑफ इल्यूजन' का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। निर्माता करण जौहर ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर साझा करते हुए इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की घोषणा की। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए धर्मा प्रोडक्शंस पहली बार मलयालम सिनेमा में कदम रखने जा रहा है।
पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ दिखेंगी मंजू वारियर
फिल्म में मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका निभाएंगे। उनके साथ मंजू वारियर भी अहम किरदार में नजर आएंगी। दोनों कलाकारों की जोड़ी को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्साह देखा जा रहा है।
करण जौहर ने जताई खुशी
फिल्म की घोषणा करते हुए करण जौहर ने लिखा, "धर्मा मूवीज में हम मलयालम सिनेमा की दुनिया में अपना पहला कदम रख रहे हैं और मुझे गर्व है कि इस सफर में हमारे साथ बेहतरीन सहयोगी जुड़े हैं।" उन्होंने आगे कहा, "पृथ्वीराज के साथ हमने पहले भी कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया है और उम्मीद है कि भविष्य में भी यह साझेदारी जारी रहेगी। हमें 'ओडियन' की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है, जिसका निर्देशन प्रतिभाशाली राहुल सदाशिवन कर रहे हैं।"
राहुल सदाशिवन करेंगे निर्देशन
फिल्म का निर्देशन राहुल सदाशिवन कर रहे हैं, जिन्हें लोककथाओं और हॉरर कहानियों को अनोखे अंदाज में पेश करने के लिए जाना जाता है। मेकर्स का मानना है कि यह उनके करियर का अब तक का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट साबित होगा।
केरल की लोककथा पर आधारित है कहानी
'ओडियन- द एज ऑफ इल्यूजन' की कहानी केरल की लोककथाओं में वर्णित एक रहस्यमयी 'शेप-शिफ्टर' यानी रूप बदलने वाले जीव के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में यह रहस्यमयी शक्ति एक प्रभावशाली और महिलाओं द्वारा संचालित परिवार को अपना निशाना बनाती है। इसके बाद सच और भ्रम के बीच एक खतरनाक संघर्ष शुरू होता है, जिसमें पौराणिक तत्व, रहस्य, भय और मनोवैज्ञानिक गहराई का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा।
इन निर्माताओं ने मिलाया हाथ
फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता और सुप्रिया मेनन मिलकर कर रहे हैं। बड़े बैनर्स और अनुभवी टीम के साथ बनने जा रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित हॉरर-फैंटेसी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।
मलयालम सिनेमा में धर्मा प्रोडक्शंस की नई शुरुआत
'ओडियन- द एज ऑफ इल्यूजन' सिर्फ एक नई फिल्म नहीं, बल्कि धर्मा प्रोडक्शंस के लिए मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में एक नई शुरुआत भी है। ऐसे में दर्शकों और फिल्म प्रेमियों की नजरें इस प्रोजेक्ट पर टिकी हुई हैं।