New Year 2026 Scam: नया साल 2026 कुछ ही घंटे दूर है। इस मौके पर, लोग एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएँ देंगे। इसके लिए कई लोग मैसेज का सहारा लेंगे, जिसमें बधाई संदेश, इमोजी या फेस्टिव जीआईएफ शामिल होंगे। लेकिन इस खुशी में थोड़ी सी असावधानी भारी पड़ सकती है। दरअसल, नए साल से पहले “नया साल 2026 स्कैम” नामक एक नया धोखा सामने आया है। इस संबंध में तेलंगाना पुलिस ने जनता से सतर्क रहने की अपील की है।
New Year 2026 Scam: तेलंगाना पुलिस की चेतावनी
टीजीसीएसबी यानी तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने चेतावनी जारी करते हुए कहा, ‘नए साल की शुभकामनाओं वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप में भेजे जाने वाले बैच लिंक से सावधान रहें। अपने प्रियजनों को भी नए साल पर होने वाले साइबर स्कैम से बचने के लिए सचेत करें।’
नए साल में ‘ग्रीटिंग स्कैम’ से रहें सतर्क
साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो के अनुसार, नए साल पर लोगों के व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप पर कई दिल को छू लेने वाले बधाई संदेश आते हैं। कभी-कभी यह संदेश किसी मित्र या करीबी का न होकर असल में ‘डिजिटल ट्रोजन हॉर्स’ हो सकता है। जैसे ही लोग उस लिंक पर क्लिक करेंगे, वह उनके फोन में डाउनलोड हो जाएगा। इस नए धोखे को ‘ग्रीटिंग स्कैम’ कहा जाता है।
जानें ‘डिजिटल ट्रोजन हॉर्स’ क्या है
आपकी जानकारी के लिए बताना चाहेंगे कि ‘डिजिटल ट्रोजन हॉर्स’ एक प्रकार का मैलवेयर है, जो वैध और उपयोगी सॉफ्टवेयर या फाइल के रूप में दिखाई देता है। लेकिन एक बार जब यह आपके सिस्टम में इंस्टॉल हो जाता है, तो यह चुपचाप नकारात्मक कार्य करने लगता है। इसमें डेटा चुराना, सिस्टम को नियंत्रित करना या साइबर अपराधियों के लिए बैकडोर खोलना शामिल है। यह खुद को कॉपी नहीं करता, बल्कि यूजर को धोखे से डाउनलोड करा कर अंदर आता है।
स्कैम से बचने के लिए इन विशेष टिप्स का ध्यान रखें
‘ग्रीटिंग स्कैम’ से बचने के लिए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें। बधाई, तोहफ़े या ऑफ़र में दिए गए सभी अनजान लिंक से दूर रहें। एपीके फाइलों को ब्लॉक करें। मैसेजिंग ऐप्स के जरिए निजी तौर पर भेजे गए किसी भी एप्लिकेशन को इंस्टॉल करने से बचें। व्हाट्सएप अकाउंट हैकिंग से बचने के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू करें। यदि आप किसी लिंक पर क्लिक करते हैं, तो इंटरनेट बंद करें, संदिग्ध ऐप्स को अनइंस्टॉल करें, और अपने बैंक को सूचित करें। अपने फोन में केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें।



