Bengal News: चुनाव की दहलीज पर खड़े बंगाल से कई तरह की खबरें लगातार आ रही हैं। कभी हुमायूं कबीर सुर्खियों में होते हैं, तो कभी सुवेंदु अधिकारी, अभिषेक बनर्जी और महुआ मोइत्रा चर्चा में आ जाते हैं। कभी-कभी बीजेपी के एक्स हैंडल से जारी पोस्ट भी खबर बन जाती हैं, जिनका केंद्र अक्सर सीएम ममता बनर्जी होती हैं। इस बीच एक और पोस्ट चर्चा का विषय बनी है, जिसमें एक महिला पत्रकार को पर्दा करने और बाल बांधने की सलाह दी जा रही है। वीडियो हुगली का बताया जा रहा है। बीजेपी बंगाल के एक्स हैंडल से इसे पोस्ट कर सरकार की भूमिका पर सवाल उठा रही है, तुष्टिकरण का जिक्र करते हुए टीएमसी सरकार को निशाने पर लिया जा रहा है।
हुगली में महिला पत्रकार को पर्दा करने, बाल बांधने की नसीहत पर संग्राम!
बीजेपी बंगाल के आधिकारिक एक्स हैंडल से जारी पोस्ट में एक वीडियो को लेकर संग्राम मचा है जिसमें एक महिला पत्रकार को बाल बांधने और पर्दा करने की नसीहत दी जा रही है।
बंगाल में विपक्ष की भूमिका निभाते हुए बीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर ममता सरकार को निशाने पर लिया है। विपक्ष का कहना है कि “महिला को बाल बांधने और पर्दा करने के लिए कहा जाता है। इसका स्पष्ट अर्थ है कि इनकार करने पर उसे हराम करार दिया जाएगा। यह दृश्य भयावह रूप से परिचित लगता है। यह घटना हुगली में घटी, जहां एक महिला पत्रकार का कट्टरपंथियों से सामना हुआ, जबकि सरकार ने चुप्पी साधे रखी। आजादी धीरे-धीरे घटती है, एक-एक आदेश और एक-एक चुप्पी से।”
तुष्टिकरण का जिक्र करते हुए बीजेपी ने कहा कि “आज एक पत्रकार को बताया जा रहा है कि उसे कैसे कपड़े पहनने हैं। कल किसी भी बेटी को बताया जा सकता है कि उसे कैसे जीना चाहिए। यह तुष्टीकरण की राजनीति का परिणाम है, जहां वोट बैंक सुरक्षित रखने के चक्कर में महिलाएं असुरक्षित रह जाती हैं। जो समाज अपनी बेटियों के पंख चुपचाप कटने देता है, वह अपने भविष्य को गिरवी रख देता है।” बीजेपी नेता अमित मालवीय समेत अन्य स्थानीय कार्यकर्ताओं ने बंगाल बीजेपी के इस पोस्ट को शेयर करते हुए ममता सरकार पर निशाना साधा है।
बीजेपी के निशाने पर ममता सरकार!
बंगाल की सियासत के जंग-ए-मैदान में मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही बीजेपी मुखरता के साथ ममता सरकार पर हमलावर है। बीजेपी राज्य के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं पर आवाज उठाते हुए राज्य सरकार को निशाने पर लेती है। इसके अलावा, बंगाल के विभिन्न हिस्सों में अगर कहीं हंगामा हुआ और कानून के साथ खिलवाड़ हुआ, तब भी बीजेपी मुखरता के साथ सीएम ममता बनर्जी को निशाना बनाती है। केंद्र और बंगाल की विपक्षी दल पूरी तत्परता से बंगाल चुनाव 2026 की तैयारी में जुट गए हैं, और उनका लक्ष्य इसे फतह करना है। अब देखना दिलचस्प होगा कि टीएमसी अपने प्रतिद्वंदी का सामना कैसे करती है।



