पॉलिटिक्स

VB-G RAM G Bill: ‘2009 के चुनाव में कांग्रेस ने वोट के लिए बापू का नाम लिया…’ पीएम मोदी के मंत्री ने चर्चा में उठाया बड़ा दावा; विपक्ष पर कसा तंज

VB-G RAM G Bill: भारी हलचल के बीच लोकसभा से नया वीबी-जी राम जी बिल पारित हो गया है। इस दौरान नए बिल पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी के मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर तीखा निशाना साधा। विशेष रूप से कांग्रेस को लक्ष्य बनाते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शुरुआत में यह कानून नरेगा था और विधेयक में महात्मा गांधी का नाम शामिल नहीं था। बाद में जब 2009 के आम चुनाव आए, तो कांग्रेस ने वोट के लिए बापू का नाम अपनाया और इसे मनरेगा (MGNREGA) नाम दिया। इस केंद्रीय मंत्री के बड़े दावे को विपक्ष पर एक जोरदार प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। शिवराज सिंह चौहान का यह दावा प्रियंका गांधी के लिए गहरा तंज है, जिन्होंने बीजेपी पर महापुरुषों का नाम मिटाने का आरोप लगाया था।

नए VB-G RAM G Bill पर चर्चा के दौरान शिवराज सिंह चौहान का बड़ा दावा

पीएम मोदी की कैबिनेट में मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा में नए वीबी-जी राम जी बिल पर चर्चा के दौरान एक महत्वपूर्ण दावा किया और विपक्ष को निशाने पर लिया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “शुरुआत में नरेगा (NREGA) था और विधेयक में महात्मा गांधी का नाम शामिल नहीं था। बाद में जब 2009 के आम चुनाव आए तो कांग्रेस ने बापू का नाम याद किया। मैं कहना चाहूंगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने MGNREGA को सही ढंग से और मजबूती से लागू किया है। सरकार अपने विभिन्न पहलों के माध्यम से महात्मा गांधी के आदर्शों को बनाए रखने का प्रयास कर रही है।”

कांग्रेस पर जुबानी हमला करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “कांग्रेस ने बापू के आदर्शों का अपमान किया, जबकि एनडीए ने पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत के तहत बनाए गए पक्के घरों के माध्यम से बापू के आदर्शों पर चलने का प्रयास किया।” कैबिनेट मंत्री ने प्रियंका गांधी के आरोपों को भी नकारा जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी सरकार मनमाने ढंग से योजनाओं के नाम बदल रही है।

गहमा-गहमी के बीच लोकसभा से पास हुआ नया ‘जी राम जी’ बिल

सदन में आज भारी हंगामे के बीच नया ‘जी राम जी’ बिल पारित हुआ है। विपक्ष ने लगातार आज भी मुखरता के साथ सरकार पर महात्मा गांधी का अपमान करने और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के प्रावधानों को कमजोर करने का आरोप लगाया। इसके अतिरिक्त विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नए बिल की कॉपियां फाड़ीं और उन्हें स्पीकर की कुर्सी की ओर फेंका। संसद परिसर के भीतर विरोध मार्च भी निकाला गया। इन सबके बीच मोदी सरकार नए वीबी-जी राम जी बिल को लोकसभा से पारित कराने में सफल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights