IndiGo की उड़ानें रद्द होने पर राहुल गांधी के ट्वीट ने किया हंगामा, लिखा – ‘भारतीयों को सहना पड़ रहा है..’ इस एयरपोर्ट पर सभी विमानों की उड़ानें स्थगित; जानें पूरी जानकारी
Indigo: बीते तीन दिनों से देशभर के कई एयरपोर्ट पर भारी हंगामा हो रहा है। दरअसल, इंडिगो की फ्लाइटें लगातार कैंसिल हो रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि यात्रियों को कई घंटों तक एयरपोर्ट पर रहना पड़ रहा है। इसी बीच, दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान भरने वाली सभी इंडिगो की फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया है। इसके अलावा, चेन्नई एयरपोर्ट से भी सभी उड़ानें कैंसिल कर दी गई हैं। इस बीच, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर ट्वीट करते हुए राजनीति को गरमा दिया है। जानकारी के अनुसार, अब तक 1,000 से अधिक इंडिगो फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं।
Indigo फ्लाइट कैंसिलेशन पर राहुल गांधी के ट्वीट से हंगामा
दिल्ली एयरपोर्ट और चेन्नई एयरपोर्ट से सभी इंडिगो फ्लाइटें कैंसिल कर दी गई हैं। इसी बीच, कांग्रेस सांसद ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट किया कि “इंडिगो की विफलता इस सरकार के एकाधिकार मॉडल की कीमत है।
एक बार फिर, इसकी कीमत आम भारतीयों को चुकानी पड़ रही है – देरी, रद्दीकरण और लाचारी के रूप में। भारत हर क्षेत्र में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का हकदार है, न कि मैच-फिक्सिंग वाले एकाधिकार का।”
इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन पर प्रियंका गांधी ने दी टिप्पणी
राहुल गांधी के बाद उनकी बहन प्रियंका गांधी ने इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन पर मीडिया में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “हम सभी जानते हैं कि पूरे देश में, अधिकांश चीज़ें कुछ ही लोगों की हैं और यही इस सरकार का काम है, और यह ठीक नहीं है।
यह अर्थव्यवस्था के लिए ठीक नहीं है, यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है, यह देश के लिए ठीक नहीं है।”
भारी हंगामे के बीच इंडिगो ने दी प्रतिक्रिया
5 दिसंबर 2025 को दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली इंडिगो की घरेलू उड़ानें आज मध्यरात्रि (23:59 बजे तक) तक रद्द रहेंगी। अन्य सभी एयरलाइनों का संचालन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।
हमारी समर्पित ऑन-ग्राउंड टीमें व्यवधान को कम करने और यात्रियों के लिए आरामदायक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सभी भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। हालांकि, अभी तक इंडिगो ने स्पष्ट नहीं किया है कि समस्या का समाधान कब होगा, क्योंकि बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी हो रही है।
