दिल की सेहत: जानें ‘गोल्डन टाइम’ क्या है जब दिल के मरीजों का इलाज मुफ्त होगा? यूपी के कौन से अस्पतालों में यह सुविधा उपलब्ध है?
Heart Health: दिल की बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ी राहत प्रदान की है। अब यूपी के सरकारी अस्पतालों में हृदय रोगियों का इलाज ‘गोल्डन टाइम’ में किया जाएगा, जिसमें उन्हें एक भी रुपया नहीं देना पड़ेगा। इस दौरान हार्ट की बीमारी में लगने वाले 40 हजार के इंजेक्शन को मुफ्त में पीड़ित को लगाया जाएगा। इसके लिए यूपी में डॉक्टर्स को विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।
Heart Health के लिए योगी सरकार ने निकाला ‘गोल्डन टाइम’
हार्ट के मरीजों की बढ़ती संख्या और मौतों के कारण राज्य सरकार ने ये महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके अंतर्गत टेनेक्टेप्लाज या स्ट्रेप्टोकाइनेज इंजेक्शन को मुफ्त में लगाया जाएगा।
इन इंजेक्शनों का उपयोग खून का थक्का जमने से रोकने के लिए किया जाता है। मार्केट में इन दवाओं की कीमत लगभग 40 हजार रुपये है। यह सुविधा उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और सामुदायिक केन्द्रों में उपलब्ध होगी। इन जरूरी इंजेक्शनों के लगने के बाद मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में भेजा जाएगा। अगर कोई भी हृदय रोगी इमरजेंसी की हालत में अस्पताल में पहुंचता है, तो उसे ‘गोल्डन ऑवर’ के अंतर्गत ये इंजेक्शन मुफ्त में प्रदान किए जाएंगे। इससे हार्ट अटैक के मरीजों को राहत मिलेगी।
मुफ्त में हार्ट के मरीजों को किन जगहों पर मिल रही सुविधा?
आपको बता दें, यूपी के सीएम योगी ने इस सुविधा के लिए डॉक्टर्स के साथ मीटिंग की है और उन्हें गोल्डन टाइम में कैसे मरीजों की जान बचाई जाए, इसके निर्देश दिए हैं। यह सुविधा जल्द ही यूपी के सभी सरकारी संस्थानों में उपलब्ध होगी। फिलहाल, हार्ट के मरीजों के लिए ये सुविधा एसजीपीजीआई, एमएलएन मेडिकल कॉलेज प्रयागराज, सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान और एएमयू अलीगढ़ में उपलब्ध है। बहुत जल्द यह पूरे उत्तर प्रदेश में उपलब्ध होगी।
